दिल्ली के शाहदरा जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। राम नगर एक्सटेंशन इलाके में एक बुजुर्ग दंपत्ति की उनके ही घर में बेरहमी से हत्या कर दी गई। तीसरी मंजिल पर स्थित मकान के दो अलग-अलग कमरों से पति-पत्नी के शव बरामद होने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

मृतकों की पहचान 75 वर्षीय वीरेंद्र कुमार बंसल और उनकी 65 वर्षीय पत्नी प्रवेश बंसल के रूप में हुई है। वीरेंद्र बंसल पेशे से रिटायर्ड शिक्षक थे, जबकि उनकी पत्नी गृहिणी थीं। पुलिस को आशंका है कि इस जघन्य अपराध के पीछे लूट की मंशा हो सकती है, हालांकि सभी संभावित एंगल से जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, 4 जनवरी 2026 की रात करीब 12:30 बजे एमएस पार्क थाना पुलिस को एक सूचना मिली। कॉल करने वाले वैभव बंसल ने बताया कि उनके माता-पिता घर के अंदर अचेत अवस्था में पड़े हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची।
जब पुलिस तीसरी मंजिल पर पहुंची तो दो अलग-अलग कमरों में बुजुर्ग दंपत्ति के शव पड़े मिले। वीरेंद्र कुमार बंसल के चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए, जिससे यह संकेत मिलता है कि हत्या बेहद हिंसक तरीके से की गई। प्रारंभिक जांच में दोनों की मौत एक ही समय के आसपास होने की संभावना जताई जा रही है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए क्राइम टीम और फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) को मौके पर बुलाया गया। टीमों ने घटनास्थल की गहन जांच की और अहम सबूत जुटाए। पूरे घर की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी कराई गई है।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि घर से कोई कीमती सामान या नकदी गायब तो नहीं है।
फिलहाल शाहदरा पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और जांच तेज कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, वहीं परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों और पड़ोसियों से भी पूछताछ की जा रही है।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !