लखनऊ का ऐतिहासिक चारबाग बस स्टेशन अब पूरी तरह नए रूप में नजर आएगा। लगभग 50 करोड़ रुपये की लागत से इसे आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा। इस परियोजना को पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल पर विकसित किया जा रहा है, जिसके चलते बस स्टेशन का संचालन फिलहाल निजी कंपनी को सौंपा जा रहा है।

रीडेवलपमेंट कार्य शुरू होने के कारण चारबाग से चलने वाली करीब 300 बसों का संचालन अब आलमबाग बस टर्मिनल से किया जाएगा। उपनगरीय, हैदरगढ़ और चारबाग डिपो की बसों के लिए आलमबाग में अलग-अलग प्लेटफॉर्म भी तय कर दिए गए हैं।
15 जनवरी तक बंद हो जाएगा बस संचालन
इन दिनों चारबाग बस स्टेशन परिसर की घेराबंदी का काम तेज़ी से चल रहा है। केवल एंट्री गेट खुला रखा गया है, जबकि बाकी हिस्सों को टिनशेड की दीवारों से बंद कर दिया गया है। यात्रियों के लिए बने पुराने शेड भी हटाए जा रहे हैं।
15 जनवरी तक चारबाग से बसों का संचालन पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा, इसके बाद सभी बसें आलमबाग से चलेंगी।
रोज़ाना 25 हजार यात्रियों की आवाजाही
चारबाग बस स्टेशन से प्रदेश के कई प्रमुख जिलों के लिए 24 घंटे बस सेवाएं संचालित होती हैं। यहां से रोजाना 300 से अधिक बसें चलती हैं और करीब 25 हजार यात्री सफर करते हैं।
यहां से कानपुर, रायबरेली, गोरखपुर, अयोध्या, उन्नाव, फतेहपुर, हैदरगढ़, बहराइच, बलरामपुर, गोंडा और मौरावां जैसे शहरों के लिए बसें जाती हैं।
छह मंजिला आधुनिक बस अड्डा बनेगा
परिवहन निगम चारबाग में छह मंजिला अत्याधुनिक बस स्टेशन विकसित करेगा। इसमें यात्रियों के लिए
वीआईपी लाउंज
कैफेटेरिया और फूड कोर्ट
शॉपिंग एरिया
आरामदायक वेटिंग एरिया
एस्केलेटर और लिफ्ट
जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इस प्रोजेक्ट का नक्शा पहले ही पास हो चुका है और अप्रैल में मिट्टी की जांच का काम भी पूरा किया जा चुका है।
6784 वर्गमीटर में बनेगा नया बस स्टेशन
चारबाग बस स्टेशन का निर्माण 6784 वर्गमीटर क्षेत्रफल में किया जाएगा। लखनऊ में गोमतीनगर बस अड्डे का काम पहले ही शुरू हो चुका है और अब दूसरे चरण में चारबाग को संवारा जाएगा। वहीं, अमौसी वर्कशॉप को भी भविष्य में पीपीपी मॉडल पर बस स्टेशन में बदला जाएगा।
आलमबाग में प्लेटफॉर्म व्यवस्था
आलमबाग बस टर्मिनल पर रूट के अनुसार प्लेटफॉर्म तय किए गए हैं—
प्लेटफॉर्म 8: गोंडा, बलरामपुर, बहराइच
प्लेटफॉर्म 9 व 10: फतेहपुर, बांदा
प्लेटफॉर्म 11: रायबरेली
प्लेटफॉर्म 12: प्रतापगढ़
क्षेत्रीय प्रबंधक आर.के. त्रिपाठी के अनुसार, मुख्यालय से निर्देश मिलने के बाद बसों को चरणबद्ध तरीके से आलमबाग शिफ्ट किया जा रहा है।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !