Meerut News: सरधना थाना क्षेत्र के गांव कपसाड़ में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। खेत पर काम करने जा रही अनुसूचित जाति की एक युवती का कुछ युवकों ने अपहरण कर लिया। बेटी को बचाने की कोशिश कर रही मां पर हमलावरों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

बृहस्पतिवार सुबह करीब आठ बजे सुनीता (45) अपनी बेटी रूबी के साथ खेत जा रही थीं। इसी दौरान रजबहे के पास गांव के ही पारस सोम अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा और मां-बेटी को रोक लिया। आरोप है कि युवकों ने युवती के साथ अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया। जब मां ने विरोध किया तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट की और बलकटी से सिर पर वार कर दिया।
गंभीर रूप से घायल सुनीता को परिजन तुरंत मोदीपुरम स्थित एसडीएस ग्लोबल अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान शाम करीब साढ़े चार बजे उनकी मौत हो गई। वहीं आरोपी युवती को जबरन अपने साथ ले गए।
मौत की खबर से गांव में उबाल
महिला की मौत की सूचना मिलते ही गांव कपसाड़ में आक्रोश फैल गया। अनुसूचित जाति के लोगों में भारी नाराजगी देखी गई। हालात बिगड़ने की आशंका को देखते हुए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस लगातार गश्त कर रही है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की जा रही है।
युवती की तलाश में पांच टीमें गठित
एसएसपी डॉ. विपिन ताड़ा ने बताया कि युवती की सकुशल बरामदगी और मुख्य आरोपी समेत सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के नेतृत्व में पांच विशेष टीमें बनाई गई हैं। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
अस्पताल में हंगामा, तोड़फोड़
महिला की मौत की खबर फैलते ही भीम आर्मी के कार्यकर्ता मोदीपुरम अस्पताल पहुंच गए। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने एंबुलेंस में तोड़फोड़ की और शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने का विरोध किया। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई, जिसके बाद हालात को काबू में किया गया।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !