बाराबंकी। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। सतरिख थाना क्षेत्र के बरौली गांव में एक विधवा बहू पर अपनी 70 वर्षीय सास पर जान से मारने की नीयत से हमला करने का आरोप लगा है। पीड़िता गंभीर रूप से झुलस गई है और उसका इलाज लखनऊ के बर्न सेंटर में चल रहा है।

जानकारी के अनुसार, बृहस्पतिवार शाम घरेलू विवाद के दौरान विधवा बहू ने पहले अपनी बुजुर्ग सास कमला देवी के साथ मारपीट की। इसके बाद उस पर खौलता पानी डाल दिया, जिससे वह बुरी तरह झुलस गईं। पीड़िता की चीख-पुकार सुनकर पड़ोस में रहने वाली आशा देवी मौके पर पहुंचीं और तत्काल डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी।
पुलिस की सहायता से घायल बुजुर्ग महिला को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर पहले जिला अस्पताल और फिर बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर किया गया। पड़ोसी महिला आशा देवी स्वयं एंबुलेंस से पीड़िता को लखनऊ तक लेकर गईं, जिससे समय पर इलाज संभव हो सका।
घटना के बाद गांव में तनाव और आक्रोश का माहौल है। थाना प्रभारी डीके सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !