नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण एक बार फिर चिंता बढ़ाने लगा है। शनिवार सुबह दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 358 दर्ज किया गया, जो ‘बेहद खराब’ श्रेणी में आता है। कई इलाकों में हालात और भी गंभीर हैं, जहां AQI 400 से ऊपर पहुंच चुका है।

हवा की दिशा में बदलाव और रफ्तार धीमी होने के कारण शुक्रवार से ही प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ रहा है। इसी वजह से दिल्ली की फिजा खराब से बेहद खराब श्रेणी में बनी हुई है। एयर क्वालिटी अर्ली वार्निंग सिस्टम फॉर दिल्ली के अनुसार, फिलहाल मौसम की परिस्थितियां प्रदूषण के फैलाव के अनुकूल नहीं हैं।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक, अलग-अलग इलाकों में AQI इस प्रकार दर्ज किया गया:
आनंद विहार: 425
चांदनी चौक: 408
विवेक विहार: 414
द्वारका सेक्टर-8: 401
अशोक विहार: 369
रोहिणी: 380
आरके पुरम: 392
वजीरपुर: 383
अलीपुर: 309
बवाना: 354
बुराड़ी: 316
इसके अलावा आईटीओ, मुंडका, जहांगीरपुरी, पंजाबी बाग, नरेला और सोनिया विहार जैसे इलाकों में भी AQI 330 से 380 के बीच बना हुआ है।
प्रदूषण विशेषज्ञों के अनुसार, यदि हवा की गति में सुधार होता है तो आने वाले दिनों में वायु गुणवत्ता ‘खराब’ श्रेणी में लौट सकती है, जिससे लोगों को कुछ हद तक राहत मिलने की संभावना है। फिलहाल बुजुर्गों, बच्चों और सांस के मरीजों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !