अंबाला। शास्त्री कॉलोनी की मुख्य सड़क पर खड़ी स्टेशन मास्टर अनीषा कुमारी की वरना कार में देर रात आग लग गई, जिससे गाड़ी पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई। घटना 6 जनवरी की रात करीब तीन बजे की है। आग लगने की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है।

अनीषा कुमारी, जो अंबाला कैंट स्थित डीआरएम कार्यालय में स्टेशन मास्टर के पद पर कार्यरत हैं, ने बताया कि उन्होंने छुट्टी के बाद अपनी कार रोज़ की तरह कॉलोनी की मुख्य सड़क किनारे खड़ी की थी और किराये के मकान में चली गई थीं। अगली सुबह जब वह बाहर आईं तो कार जली हुई अवस्था में मिली।
स्थानीय लोगों के अनुसार, रात के समय कार से अचानक धुआं उठता देखा गया, जिसके बाद आग ने विकराल रूप ले लिया। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। उस वक्त वाहन मालिक का पता नहीं चल सका था।
पुलिस जांच के दौरान आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, हालांकि किसी संदिग्ध की मौजूदगी सामने नहीं आई। प्रारंभिक जांच में आग लगने की शुरुआत कार की बैटरी की ओर से होने की आशंका जताई जा रही है। पड़ाव थाना पुलिस ने मामले में शिकायत के आधार पर रपट दर्ज कर ली है और जांच जारी है।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !