Breaking News

यूपी में कड़ाके की ठंड का कहर, इस जिले में पारा 2 डिग्री के करीब; मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

लखनऊ।

उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। मंगलवार को जहां अवध क्षेत्र के कुछ हिस्सों में धूप ने राहत दी, वहीं पश्चिमी यूपी के कई जिलों में शीतलहर ने लोगों को ठिठुरा दिया। प्रदेश में सबसे कम तापमान मुजफ्फरनगर में दर्ज किया गया, जहां न्यूनतम पारा 2.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

पश्चिमी यूपी सबसे ज्यादा ठंडा

मौसम विभाग के अनुसार, मुजफ्फरनगर के बाद मेरठ दूसरा सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 2.9 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। बरेली में पारा 3 डिग्री, जबकि कानपुर में 4 डिग्री के आसपास रहा। राजधानी लखनऊ में इस सीजन का अब तक का सबसे कम तापमान 5.6 डिग्री दर्ज किया गया।

हवा की दिशा बदली, बढ़ी ठंड

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद हवाओं की दिशा उत्तर-पश्चिमी हो गई है। इसके चलते बीते 48 घंटों में प्रदेश के अधिकांश इलाकों में दिन और रात के तापमान में 2 से 4 डिग्री तक की गिरावट आई है।

शीतलहर और पाले की चेतावनी

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों—मेरठ, मुजफ्फरनगर, बरेली, सहारनपुर, अलीगढ़ और मुरादाबाद मंडल—में शीतलहर का असर बना हुआ है। कुछ इलाकों में रात के समय पाला पड़ने की भी संभावना जताई गई है। वहीं, तराई और दक्षिणी हिस्सों में सुबह के समय घना कोहरा छा सकता है, हालांकि दिन निकलते ही धूप निकलने से राहत मिलने के आसार हैं।

15 जनवरी से मिल सकती है राहत

मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, 15 जनवरी के बाद दो नए पश्चिमी विक्षोभों के प्रभाव से न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है। इससे पश्चिमी यूपी में चल रही शीतलहर से राहत मिलने की संभावना है। हालांकि, कोहरे का दायरा बढ़ सकता है।

18 जनवरी को बारिश के संकेत

18 जनवरी के आसपास पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है। इसके बाद 2–3 दिनों तक मौसम में और बदलाव देखने को मिल सकता है।

प्रदेश के सबसे ठंडे जिले

मुजफ्फरनगर: 2.1°C

मेरठ: 2.9°C

बरेली: 3°C

कानपुर: 4°C

हरदोई: 4.5°C

अलीगढ़: 4.8°C

लखनऊ: 5.6°C

आगरा: 6°C

शीतलहर की जद में ये जिले

सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतमबुद्धनगर, बुलंदशहर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, संभल समेत आसपास के इलाके।

Check Also

एक पेड़ गुरु के नाम, एक संकल्प हरित गाँव के नाम: गुरु पूर्णिमा पर बच्चों ने दिया प्रकृति संरक्षण का प्रेरक संदेश

रामपुर गढ़ौवा के विद्यालय में गुरु वंदन और प्रकृति वंदन का अनूठा संगम, बच्चों ने …

कंधे पर पीपल – बरगद, मन में हरियाली का संकल्प :: वर्दीधारी अनूप मिश्रा बाँट रहे ‘प्राकृतिक AC’

उन्नाव। जहाँ एक ओर भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान ने लोगों का जीना मुश्किल कर …

सब इंस्पेक्टर अनूप मिश्र ‘अपूर्व’ और शिक्षक डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा के सामाजिक सरोकारों को मिला सम्मान

‘एक पौधा जिंदगी के लिए’ सीजन-10 में नम्रता पाठक ने मंच से सराहे दोनों के …