असंध।
हरियाणा के असंध क्षेत्र से सामने आया यह दोहरा हत्याकांड रिश्तों को शर्मसार करने वाला है। रामनगर गांव में बुजुर्ग दंपती हरी सिंह नंबरदार (78) और उनकी पत्नी लीला देवी (75) की हत्या किसी बाहरी लुटेरे ने नहीं, बल्कि उनके अपने पोते रविंद्र ने की थी। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि ₹15 लाख के लेन-देन और संपत्ति हड़पने की नीयत से इस वारदात को अंजाम दिया गया।

संस्कार के बाद हिरासत में लिया गया पोता
पुलिस ने दंपती के अंतिम संस्कार के बाद पोते रविंद्र को हिरासत में लिया। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने पूरी वारदात कबूल कर ली। उसके बयान के आधार पर सीआईए असंध की टीम ने उसके दो साथियों—जयसिंहपुरा गांव निवासी प्रदीप और गुलशन—को भी गिरफ्तार कर लिया।
कर्ज चुकाने से शुरू हुई हत्या की कहानी
डीएसपी गोरखपाल राणा के अनुसार, आरोपी रविंद्र के पिता बंसी लाल ने अपने मकान पर बैंक से दो अलग-अलग लोन ले रखे थे—एक सात लाख और दूसरा चार लाख रुपये का। कुल 11 लाख रुपये का यह कर्ज न चुकाने पर मकान की कुर्की की नौबत आ गई थी।
इस स्थिति में दादा हरी सिंह नंबरदार ने हस्तक्षेप करते हुए ब्याज और अन्य खर्च जोड़कर करीब ₹15 लाख रुपये अदा कर लोन चुकाया था। इसके बाद वह लगातार रविंद्र और उसके परिवार से अपनी रकम वापस मांग रहे थे, जिससे रविंद्र नाराज रहने लगा।
संपत्ति हड़पने की नीयत से रची साजिश
पुलिस के अनुसार, रविंद्र का मकसद सिर्फ रकम से बचना ही नहीं था, बल्कि दादा-दादी की हत्या कर उनके मकान और संपत्ति पर कब्जा जमाना भी था। उसने यह साजिश काफी पहले बना ली थी, लेकिन कोई उसका साथ देने को तैयार नहीं हो रहा था।
चोरी का बहाना, असल में हत्या का प्लान
रविंद्र ने अपने दोस्तों प्रदीप और गुलशन को तांबा चोरी की झूठी कहानी बताकर रविवार रात करीब 11:47 बजे दादा के घर बुलाया। घर पहुंचते ही उसने हत्या की योजना साझा की।
सबसे पहले दादी लीला देवी के मुंह पर टेप लगाकर उनका गला दबाया गया। इसके बाद दादा हरी सिंह के मुंह पर टेप लगाकर उनका गला घोंटा गया। हत्या के बाद आरोपियों ने रस्सी से दोनों के हाथ-पांव बांध दिए ताकि मामला लूटपाट का लगे।
“रविंद्र बेटा, बचा ले…”
पुलिस जांच में सामने आया है कि जब दादी की हत्या की जा रही थी, तब दादा ने आवाज लगाई—“रविंद्र बेटा, बचा ले…”। इसके बावजूद रविंद्र ने खुद उनके गले पर हाथ रखा और जान ले ली। पुलिस को आशंका है कि इस दौरान आवाज आसपास के घरों तक पहुंची होगी, जिससे परिवार के अन्य सदस्यों की भूमिका भी संदेह के घेरे में है।
24 घंटे में खुला मामला
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल रिकॉर्ड के आधार पर महज 24 घंटे के भीतर इस दोहरे हत्याकांड का खुलासा कर दिया। तीनों आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया गया है।
अन्य की भूमिका की भी जांच
डीएसपी गोरखपाल राणा ने बताया कि पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या परिवार का कोई अन्य सदस्य इस साजिश से वाकिफ था या इसमें शामिल था। सभी पहलुओं पर गहन जांच जारी है।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !