हरियाणा के करनाल जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां आईटीआई की छात्राओं के बीच बीच सड़क जमकर मारपीट हुई। कुंजपुरा रोड स्थित आईटीआई कॉलेज के बाहर छात्राओं का यह झगड़ा इतना उग्र हो गया कि देखते ही देखते मामला लात-घूंसे, थप्पड़ों और बेल्ट से हमले तक पहुंच गया। इस पूरी घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आईटीआई के बाहर अचानक कुछ छात्राओं के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो कुछ ही पलों में हिंसक झगड़े में बदल गई। छात्राएं एक-दूसरे को सड़क पर गिराकर पीटती नजर आईं। किसी ने बाल पकड़कर घसीटा तो किसी ने बेल्ट से वार किया। मारपीट के दौरान एक छात्रा बेहोश होकर सड़क पर गिर गई।
तमाशबीन बने लोग, वीडियो बनाते रहे राहगीर
हैरान करने वाली बात यह रही कि जिस वक्त छात्राएं आपस में भिड़ी हुई थीं, उस समय सड़क पर सैकड़ों लोग मौजूद थे। लेकिन किसी ने बीच-बचाव की गंभीर कोशिश नहीं की। कई लोग मोबाइल फोन निकालकर वीडियो बनाते नजर आए। कुछ राहगीरों की ओर से “म्हारी छोरियां भी धाकड़ हैं” जैसी टिप्पणियां भी सुनाई दीं, जिसने घटना को और भी शर्मनाक बना दिया।
सोशल मीडिया पर आग की तरह फैला वीडियो
घटना के बाद झगड़े के तीन अलग-अलग वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि दो छात्राएं सड़क के बीच एक-दूसरे को थप्पड़ मार रही हैं, जबकि तीसरी छात्रा एक अन्य छात्रा को सड़क किनारे ले जाकर जमीन पर पटक देती है। वह छात्रा को बालों से पकड़कर घसीटती भी नजर आती है। एक अन्य वीडियो में बेल्ट से हमला करते हुए छात्रा दिखाई देती है।
पुलिस तक नहीं पहुंचा मामला
हालांकि इतनी गंभीर घटना के बावजूद इस मामले में पुलिस में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। न तो पीड़ित पक्ष की ओर से और न ही कॉलेज प्रबंधन की ओर से पुलिस को सूचना दी गई। फिलहाल मामला संस्थान स्तर पर ही निपटाया जा रहा है।
कॉलेज प्रबंधन की सख्त कार्रवाई
वीडियो सामने आते ही आईटीआई प्रबंधन हरकत में आया। वीडियो के आधार पर छात्राओं की पहचान की गई और उनके अभिभावकों को कॉलेज बुलाकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी गई। जांच में सामने आया कि 13 जनवरी को किसी बात को लेकर तीन छात्राओं के बीच विवाद हुआ था, जो कॉलेज के बाहर हिंसक झगड़े में बदल गया।
आईटीआई के प्रधानाचार्य राकेश भाटिया ने बताया कि प्रारंभिक जांच में छात्राओं द्वारा झगड़े की कोई ठोस वजह सामने नहीं आई है। इसके बावजूद अनुशासन बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाए गए हैं।
तीन छात्राएं निलंबित
कॉलेज प्रशासन ने ड्राफ्टमैन ट्रेड की एक छात्रा और कंप्यूटर ट्रेड की दो छात्राओं को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। प्रधानाचार्य ने कहा कि शिक्षण संस्थान में इस तरह की हिंसक घटनाओं के लिए कोई जगह नहीं है और भविष्य में ऐसी हरकतें करने वालों के खिलाफ और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
समाज पर सवाल
यह घटना न सिर्फ शिक्षा संस्थानों में बढ़ते तनाव को उजागर करती है, बल्कि समाज की उस सोच पर भी सवाल खड़े करती है, जहां हिंसा को तमाशे की तरह देखा जाता है। सड़क पर मौजूद लोगों का वीडियो बनाना और मजाकिया टिप्पणियां करना, हालात की गंभीरता को और भी चिंताजनक बनाता है।
फिलहाल कॉलेज प्रबंधन पूरे मामले की आंतरिक जांच कर रहा है, जबकि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो लगातार चर्चा का विषय बने हुए हैं।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !