Chandigarh Weather Update: पंजाब और राजधानी चंडीगढ़ के लोगों को अभी कड़ाके की ठंड से निजात मिलने वाली नहीं है। पहाड़ी इलाकों में हो रही लगातार बर्फबारी का असर मैदानी क्षेत्रों पर साफ दिख रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में एक के बाद एक दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होंगे, जिससे मौसम का मिजाज फिर बिगड़ सकता है। इस दौरान तेज हवाओं के साथ बारिश और शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है।

गणतंत्र दिवस पर रहा मिला-जुला मौसम
26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के अवसर पर चंडीगढ़ में मौसम का मिजाज बदला-बदला नजर आया। कभी आसमान में बादल छाए रहे तो कभी हल्की धूप निकली, लेकिन सर्द हवाओं के चलते धूप का असर बेअसर ही रहा। ठंडी हवाओं ने पूरे दिन कंपकंपी का अहसास कराया। यही स्थिति ट्राईसिटी क्षेत्र में भी देखने को मिली।
पश्चिमी विक्षोभ से बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक, पहला पश्चिमी विक्षोभ सोमवार रात से प्रभाव दिखाना शुरू करेगा। इसके असर से पंजाब के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
27 जनवरी, मंगलवार को मौसम और अधिक खराब हो सकता है। इस दिन तेज हवाएं चलने, बिजली चमकने और कई स्थानों पर बारिश की चेतावनी दी गई है। बुधवार को भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है।
तापमान में आएगी गिरावट
बारिश और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। इससे शीतलहर का असर और तेज होगा। पंजाब में सबसे कम न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस फिरोजपुर में रिकॉर्ड किया गया है।
अन्य जिलों में न्यूनतम तापमान इस प्रकार दर्ज किया गया—
अमृतसर 4.7 डिग्री, लुधियाना 7.4, पटियाला 6.2, पठानकोट 6.4, बठिंडा 4.0, गुरदासपुर 4.5 और एसबीएस नगर 4.4 डिग्री सेल्सियस।
वहीं अधिकतम तापमान की बात करें तो रूपनगर 21.8 डिग्री के साथ सबसे गर्म रहा। अमृतसर में 18.4, लुधियाना 17.2, पटियाला 18.6, पठानकोट 18.7, बठिंडा 19.0, एसबीएस नगर 16.2, फरीदकोट 21.4 और फिरोजपुर में 18.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
आगे कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार 29 और 30 जनवरी को मौसम शुष्क रह सकता है, लेकिन ठंड का असर बना रहेगा। इसके बाद 31 जनवरी की रात से एक और पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है, जिससे फिर से हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
ठंडी हवाओं से बढ़ी कंपकंपी
चंडीगढ़ में धूप खिलने के बावजूद ठंडी हवाओं के कारण लोगों को राहत नहीं मिली। सुबह और शाम के समय सर्दी का असर ज्यादा महसूस किया गया। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और ठंड से बचाव के लिए आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है।
कुल मिलाकर, आने वाले कुछ दिनों तक चंडीगढ़ और पंजाब में ठंड, तेज हवाएं और बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है, जिससे मौसम और अधिक सर्द होने के आसार हैं।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !