Breaking News

Gold–Silver Price Crash: रिकॉर्ड ऊंचाई से फिसलीमती धातुएं, चांदी ₹34,000 लुढ़की, सोना ₹8,000 तक सस्ता

शुक्रवार को सोना और चांदी की कीमतों में जोरदार गिरावट देखने को मिली। लगातार रिकॉर्ड तेजी के बाद निवेशकों की मुनाफावसूली और बाजार में करेक्शन के चलते कीमती धातुओं के दाम अचानक फिसल गए। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर कारोबार शुरू होते ही सोना और चांदी दोनों लाल निशान में नजर आए।

MCX पर चांदी के भाव में करीब 34,000 रुपये प्रति किलो तक की बड़ी गिरावट दर्ज की गई, जबकि सोना लगभग 8,000 रुपये प्रति 10 ग्राम तक सस्ता हो गया। इससे एक दिन पहले ही चांदी ने इतिहास रचते हुए पहली बार 4 लाख रुपये प्रति किलो का स्तर पार किया था। गुरुवार को चांदी 3,99,893 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई थी, जबकि इसका लाइफटाइम हाई 4,20,048 रुपये प्रति किलो दर्ज किया गया। इस उच्चतम स्तर से एक ही दिन में करीब 44,000 रुपये से ज्यादा की तेज गिरावट देखने को मिली।

सोने की कीमतों में भी तेज करेक्शन आया। MCX पर कारोबार शुरू होते ही सोना भारी दबाव में आ गया और शुरुआती सत्र में ही करीब 8,000 रुपये प्रति 10 ग्राम टूट गया। विशेषज्ञों का मानना है कि लगातार ऊंचे स्तरों पर पहुंचने के बाद निवेशकों ने मुनाफा निकालना शुरू किया, जिससे कीमतों पर दबाव बना।

घरेलू सराफा बाजार की बात करें तो ऑल इंडिया सराफा एसोसिएशन के अनुसार, गुरुवार को चांदी ने लगातार चौथे कारोबारी सत्र में तेजी जारी रखते हुए 19,500 रुपये या 5.06 फीसदी की छलांग लगाई थी। इसके साथ ही चांदी सभी करों सहित 4,04,500 रुपये प्रति किलो के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई थी। वहीं 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना भी 12,000 रुपये या 7.02 फीसदी चढ़कर 1,83,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के नए सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंचा था।

जनवरी महीने में अब तक सोने की कीमतों में 24 प्रतिशत से ज्यादा की बढ़ोतरी दर्ज की जा चुकी है। यह लगातार छठा महीना है जब सोने में मजबूती बनी हुई है और इसे जनवरी 1980 के बाद की सबसे बड़ी मासिक तेजी माना जा रहा है। वहीं चांदी की कीमतें इस महीने करीब 62 प्रतिशत तक उछल चुकी हैं, जो इसके इतिहास की सबसे बड़ी मासिक बढ़त की ओर इशारा करती हैं।

प्रमुख शहरों में 24 कैरेट सोने के भाव की बात करें तो मुंबई में सोना करीब 1,70,170 रुपये प्रति 10 ग्राम रहा। कोलकाता में यह लगभग 1,69,950 रुपये, दिल्ली में 1,69,880 रुपये और चेन्नई में 1,70,670 रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास दर्ज किया गया। हैदराबाद और बेंगलुरु में भी सोने के दाम 1,70,000 रुपये प्रति 10 ग्राम से ऊपर बने रहे। आमतौर पर दक्षिण भारत के बाजारों में सोने के भाव उत्तर भारत की तुलना में कुछ ज्यादा देखने को मिलते हैं।

चांदी के भाव भी शहरों के हिसाब से अलग-अलग रहे। मुंबई में चांदी करीब 4,01,760 रुपये प्रति किलो, दिल्ली में 4,01,060 रुपये और चेन्नई में 4,02,920 रुपये प्रति किलो के आसपास दर्ज की गई। हैदराबाद और बेंगलुरु में भी चांदी 4 लाख रुपये प्रति किलो के ऊपर बनी रही, जबकि कोलकाता में इसके भाव अपेक्षाकृत कम, करीब 3,86,420 रुपये प्रति किलो रहे।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी उतार-चढ़ाव का असर देखने को मिला। कॉमेक्स पर सोना घटकर करीब 5,412 डॉलर प्रति औंस पर आ गया, जबकि एक दिन पहले यह 5,500 डॉलर के करीब था। इससे पहले सोने ने 5,586 डॉलर प्रति औंस का रिकॉर्ड उच्च स्तर छुआ था। चांदी की कीमतों में भी हल्की नरमी आई और यह 117 डॉलर प्रति औंस के आसपास कारोबार करती दिखी।

विश्लेषकों के अनुसार, वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता, केंद्रीय बैंकों की नीतियों को लेकर असमंजस और भू-राजनीतिक तनाव के कारण सुरक्षित निवेश के तौर पर सोने-चांदी की मांग तेजी से बढ़ी थी। हालांकि, ऊंचे स्तरों पर पहुंचने के बाद अब बाजार में स्वाभाविक करेक्शन देखने को मिल रहा है, जिससे कीमतों में तेज उतार-चढ़ाव बना हुआ है।

Check Also

‘राहुल गांधी न्याय योद्धा हैं’, अलका लांबा का बयान; NEET पेपर लीक पर शिक्षा मंत्री को घेरा

राहुल गांधी से मिलने पहुंचे देशभर के कार्यकर्ता, अलका लांबा ने बताया “न्याय योद्धा”; NEET …

स्लोवाकिया के राष्ट्रपति को मिला भारत की विरासत का खास उपहार

नई दिल्ली। भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक हस्तशिल्प और स्थानीय कारीगरों की अद्वितीय कला …

पुणे की घटना पर देशभर में आक्रोश: मासूम के साथ दरिंदगी ने उठाए सुरक्षा और न्याय पर सवाल

महाराष्ट्र के Pune जिले में चार साल की बच्ची के साथ हुई जघन्य घटना ने …