बागपत जिले के गौना गांव से हरियाणा के रोहतक गए एक वाहन चालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने दोस्तों पर पीट-पीटकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले में तीन लोगों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

गौना गांव निवासी 45 वर्षीय शिवशंकर, जो गाजियाबाद के एक निजी स्कूल में वाहन चालक थे, बुधवार दोपहर गांव के ही तीन दोस्तों—विकास, ईश्वर और लीलू—के साथ रोहतक जिले के खरखड़ा गांव गए थे। बताया गया कि वहां लीलू की बेटी की ससुराल में एक पारिवारिक कार्यक्रम था।
परिजनों के अनुसार, बृहस्पतिवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे तीनों दोस्त शिवशंकर को कार से उसके घर लेकर पहुंचे और उसे नशे की हालत में बताकर घर में छोड़कर फरार हो गए। जब परिवार ने उसकी हालत बिगड़ती देख गाजियाबाद के चिरौड़ी स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया, तो डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पत्नी निशा ने बताया कि बुधवार देर शाम शिवशंकर का फोन आया था, जिसमें उसने कहा था कि उसके साथ मौजूद दोस्त उसके साथ मारपीट कर रहे हैं। इसके बाद संपर्क नहीं हो पाया। जब शव घर पहुंचा तो चेहरे और गले पर चोट के निशान देखकर परिवार को अनहोनी का शक हुआ।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में अत्यधिक रक्तस्राव (हेमरेज) को मौत का कारण बताया गया है। इसके बाद परिजनों ने तीनों साथियों पर पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया और कड़ी कार्रवाई की मांग की।
मृतक के पिता रामकुमार ने बताया कि शिवशंकर उनके दो बेटों में बड़ा था और उसके परिवार में पत्नी समेत चार बच्चे हैं। स्कूल में छुट्टी होने के कारण वह इन दिनों घर पर ही था।
जांच अधिकारी अतर सिंह ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर विकास, ईश्वर और लीलू के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। तीनों से पूछताछ की जा रही है और जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !