नोएडा पुलिस ने दिल्ली-एनसीआर में मोबाइल चोरी की घटनाओं पर बड़ी चोट करते हुए एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने 821 चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 6 से 8 करोड़ रुपये बताई जा रही है। गिरोह के तार झारखंड, बिहार और नेपाल बॉर्डर तक जुड़े हुए थे।

फेज-2 थाना पुलिस की जांच में सामने आया कि यह गिरोह झारखंड से दिल्ली-एनसीआर आता था और दो से तीन महीने तक यहां किराये के कमरों में रहकर भीड़भाड़ वाले इलाकों में मोबाइल चोरी को अंजाम देता था। चोरी के बाद पकड़े जाने से बचने के लिए सदस्य मोबाइल फोन तुरंत एक-दूसरे को सौंप देते थे।
जब चोरी किए गए मोबाइलों की संख्या सैकड़ों में पहुंच जाती थी, तो उन्हें बैग और बोरियों में भरकर ट्रेन और बस के जरिए झारखंड और बिहार भेजा जाता था। इसके बाद इन फोन को नेपाल बॉर्डर के इलाकों में बेहद कम दामों पर बेच दिया जाता था।
सेंट्रल नोएडा के डीसीपी शक्ति अवस्थी के अनुसार, इस मामले में कुल आठ लोगों को पकड़ा गया है। इनमें से छह आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि दो नाबालिगों को बाल सुधार गृह भेजा गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि 821 मोबाइल फोन की बरामदगी नोएडा पुलिस के इतिहास की अब तक की सबसे बड़ी रिकवरी मानी जा रही है। फिलहाल पुलिस बरामद मोबाइलों के असली मालिकों की पहचान करने और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !