गोरखपुर में अपराधियों ने एक रिटायर्ड लेखपाल के घर को निशाना बनाकर बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया। हथियारों से लैस बदमाशों ने घर में घुसते ही पूरे परिवार को बंधक बना लिया और करीब 45 मिनट तक आतंक मचाने के बाद लाखों की नकदी और जेवर लेकर फरार हो गए।
यह घटना सोमवार शाम लगभग 7:30 बजे की है। जानकारी के मुताबिक, चार नकाबपोश बदमाश दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर AIIMS थाना क्षेत्र के अंतर्गत राजही मौर्य चौराहे के पास स्थित 70 वर्षीय बलेंद्र सिंह के घर पहुंचे। बदमाशों ने दरवाज़ा खटखटाया और जैसे ही दरवाज़ा खुला, एक आरोपी ने उनकी कनपटी पर पिस्टल तान दी।
परिवार को बनाया बंधक, विरोध पर किया हमला
घर में घुसते ही बदमाशों ने हथियारों के बल पर सभी परिजनों को काबू में कर लिया। जब बलेंद्र सिंह ने शोर मचाने की कोशिश की तो आरोपियों ने पिस्टल के बट से उनके सिर पर वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गए। इसके बाद बदमाशों ने घर में रखी नकदी और गहनों की तलाश शुरू की

महिलाओं से भी उतरवाए गहने
डकैतों ने घर की महिलाओं को धमकाकर उनके पहने हुए गहने भी उतरवा लिए। बताया जा रहा है कि बदमाश करीब 84 लाख रुपये की नकदी और जेवरात समेटकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !