Breaking News

सात जून से बदल जाएगा पुलिस मुख्यालय का पता, सीएम योगी करेंगे नये भवन का उद्घाटन

लखनऊ (राज प्रताप सिंह) : आने वाले शुक्रवार से पुलिस मुख्यालय का पता बदल जाएगा। नया पता गोमतीनगर विस्तार होगा। सात जून को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इसका उद्घाटन करेंगे। पुलिस महकमे की अलग अलग शाखा नई बिल्डिंग में शिफ्ट होने लगी हैं। अगले दो से तीन दिनों में अन्य शाखाएं भी यहां पूरी तरह शिफ्ट हो जाएंगी।

पुलिस की नई बिल्डिंग पूरी तरह से एयर कंडीशन है। इस बिल्डिंग को बनाने में 816.39 करोड़ रुपये की लागत आई है। नौ मंजिला इस इमारत में पुलिस की कुल 32 विभिन्न शाखाओं के कार्यालय होंगे। डीजीपी का कार्यालय 9वें तल पर होगा।

एडीजी कानून व्यवस्था 8वें तल पर बैठेंगे। इस भवन में पुलिस की अन्य शाखाओं के शिफ्ट होने का सिलसिला शुरू हो गया है। प्रयागराज से पुलिस मुख्यालय भी इसी भवन में शिफ्ट किया जाएगा।

इसके अतिरिक्त राजकीय रेलवे पुलिस, तकनीकी सेवाएं, एंटी क्रप्शन, ईओडब्ल्यू, एसआईटी, स्पेशल इंवेस्टीगेशन के कार्यालय समेत कुल 32 शाखाओं के कार्यालय शिफ्ट किए जा रहे हैं। इस बिल्डिंग में कैफेटेरिया का संचालन आईआरसीटीसी करेगा।
सुरक्षा के लिहाज से इस बिल्डिंग में पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पूरी बिल्डिंग सीसीटीवी कैमरे से लैस है और इसकी मानीटरिंग के लिए अलग से पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है। बिल्डिंग में प्रवेश के लिए तीन द्वार बनाए गए हैं।

बिल्डिंग में सात वाच टावर और बुलेट प्रूफ बंकर बनाए गए हैं। बिल्डिंग में प्रवेश करने वाली अधिकारियों की गाड़ियों की टैगिंग की जाएगी। चार टावर वाले इस बिल्डिंग में किसी भी फ्लोर पर किसी भी टावर में जाने के लिए बायोमेट्रिक लॉक को पार करना होगा। यानी कोई भी व्यक्ति किसी भी अधिकारी से नहीं मिल सकता, जब तक वह अधिकारी न चाहे।

फरियादियों को पहुंचने में होगी दिक्कत

इस भवन में लोक शिकायत के एडीजी ग्राउंड फ्लोर पर ही बैठेंगे। यहां फरियादियों की सुनवाई के लिए वेटिंग हाल भी है। लेकिन सबसे बड़ी दिक्कत फरियादियों को वहां तक पहुंचने की होगी।

फिलहाल पब्लिक ट्रांसपोर्ट के साधन वहां तक उपलब्ध नहीं हैं। इस पर भी विचार किया जा रहा है कि अगले एक डेढ़ महीने तक एडीजी लोक शिकायत को पुराने भवन में ही रहने दिया जाए।

4 जून को होगा साइबर फारेंसिक लैब का उद्घाटन

निर्भया फंड से प्रदेश में बन रहे साइबर फोरेंसिक लैब का उद्घाटन 4 जून को डीजीपी ओम प्रकाश सिंह करेंगे। यूपी 100 में बनने जा रही इस लैब की निगरानी और नोडल अधिकार एसटीएफ का होगा। महिला व बच्चों के प्रति होने वाले साइबर अपराध की रोकथाम के लिए निर्भया फंड के तहत इसकी स्थापना की जा रही है।

Check Also

यूपी में मौसम का यू-टर्न: दोपहर में छाया अंधेरा, धूलभरी आंधी और बारिश ने दिलाई भीषण गर्मी से राहत

उत्तर प्रदेश में बुधवार का दिन मौसम के लिहाज से बेहद चौंकाने वाला रहा। सुबह …

तपती धरती पर बदलेगा मौसम का मिजाज—यूपी में आंधी-बारिश से मिलेगी राहत, लू पड़ेगी धीमी

उत्तर प्रदेश में पिछले दो हफ्तों से जारी भीषण गर्मी और लू ने जनजीवन को …

बस्ती से उजागर हुआ फर्जी ड्राइविंग लाइसेंस घोटाला, दलालों के सिंडिकेट ने नियमों को बनाया मजाक

उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में सामने आया फर्जी ड्राइविंग लाइसेंस का मामला न केवल …