नई दिल्ली। उत्तर भारत के कई राज्यों में बुधवार को भीषण शीतलहर का असर देखने को मिला। ठंड से फिलहाल राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है। पंजाब और हरियाणा के अधिकांश इलाकों में तापमान सामान्य से काफी नीचे चला गया है, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। वहीं, कश्मीर घाटी में कड़ाके की ठंड के कारण डल झील के कुछ हिस्से समेत कई जलाशय पूरी तरह जम गए हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब और हरियाणा के कई जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 10 डिग्री सेल्सियस तक नीचे रिकॉर्ड किया गया। हरियाणा के हिसार में रात का न्यूनतम तापमान गिरकर 0.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से लगभग छह डिग्री कम है। ठंड के कारण लोगों को सुबह और रात के समय भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
दूसरी ओर, राजधानी दिल्ली को इस भीषण शीतलहर से थोड़ी राहत जरूर मिली है। मौसम विभाग ने बताया कि दिल्ली में अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.1 डिग्री अधिक है। हालांकि, न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया, जो औसत से 3.6 डिग्री कम है।
मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए भी शीतलहर की चेतावनी जारी की है। अनुमान है कि तापमान 5 से 22 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों जैसे मेरठ, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़ और मुरादाबाद में शीतलहर की स्थिति में हल्का सुधार जरूर देखा गया है, लेकिन विभाग का कहना है कि गुरुवार रात तक ठंड का असर बना रह सकता है। कुछ क्षेत्रों में पाला पड़ने की भी संभावना जताई गई है।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !