नई दिल्ली।महाराष्ट्र के विधानभवन में मंत्रियों के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान आज एक अजीबोगरीब मामला देखने को मिला। कांग्रेस विधायक के सी पडवी पद और गोपनीयता की शपथ लेने के दौरान अपनी जनता का आभार जताने लगे, जिससे राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी नाराज हो गए और उन्हें डांट लगा दी। बाद में मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से जब इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने इस पर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
पडवी जब राज्य सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार के दौरान कैबिनेट मंत्री की शपथ ले रहे थे तो लिखित शपथ विवरण पढ़ने के बाद कुछ पंक्तियां मतदाताओं के आभार में बोल गए। कोश्यारी ने कड़े लहजे में तुरंत उन्हें रोका और उन्हें दोबारा शपथ लेने का निर्देश देते हुए कहा, ‘जो लिखा हुआ है, उसे ही पढ़ें, ऐसे नहीं चलेगा।’ इसके बाद केसी पडवी ने दोबारा मंत्री पद की शपथ ली। बाद में राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी के कांग्रेस नेता को डांट लगाने के बारे में पूछे जाने पर उद्धव ठाकरे ने मामले को तवज्जो नहीं दी। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘राज्यपाल चाहते थे कि नियम और प्रोटोकॉल का पालन हो।’

गौरतलब है कि महाराष्ट्र में सोमवार को मंत्रिमंडल विस्तार हुआ। मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के करीब एक महीने बाद उद्धव ठाकरे ने 26 कैबिनेट और 10 राज्य मंत्रियों को शामिल कर अपनी मंत्रिपरिषद का विस्तार किया। मुख्यमंत्री ठाकरे के साथ शिवसेना, राकांपा और कांग्रेस के दो-दो सदस्यों ने 28 नवंबर को शपथ ली थी। एनसीपी के अजित पवार एक बार फिर राज्य के उपमुख्यमंत्री बने, जबकि पहली बार विधायक बने आदित्य ठाकरे ने भी कैबिनेट मंत्री की जिम्मेदारी संभाली।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !