फरीदाबाद। रविवार की छुट्टी के बाद सोमवार को नागरिक अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की संख्या में अचानक इजाफा देखने को मिला। सुबह से ही सामान्य रोग विशेषज्ञ की ओपीडी के बाहर लंबी कतारें लगी रहीं, जहां मरीज अपनी जांच के लिए इंतजार करते नजर आए। अस्पताल पहुंचने वाले अधिकतर लोग सर्दी, जुकाम, खांसी और बुखार जैसी मौसमी वायरल बीमारियों से परेशान थे।

लगातार गिरते तापमान और बढ़ती ठंड के कारण वायरल संक्रमण तेजी से फैल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार इस मौसम में बच्चे, बुजुर्ग और कमजोर इम्युनिटी वाले लोग सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं, जिससे सरकारी अस्पतालों पर भी अतिरिक्त दबाव बन रहा है।
नागरिक अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. विकास गोयल ने बताया कि ठंड के मौसम में वायरल संक्रमण के मामले सामान्य से अधिक सामने आते हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान में ओपीडी में आने वाले ज्यादातर मरीज सर्दी, खांसी, बुखार और गले में खराश की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं।
डॉ. गोयल ने लोगों से अपील की कि वे भीड़भाड़ वाले इलाकों से बचें, जरूरत पड़ने पर मास्क का इस्तेमाल करें और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें। साथ ही उन्होंने यह भी सलाह दी कि तेज बुखार, अत्यधिक कमजोरी या लक्षण बढ़ने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें और बिना सलाह के दवाइयों का सेवन न करें।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !