गुरुग्राम की सड़कों पर एक बार फिर रफ्तार और लापरवाही का खतरनाक मेल देखने को मिला है। शराब के नशे में धुत युवकों ने चलती स्कॉर्पियो की छत पर बैठकर स्टंट किया और सड़क को डांस फ्लोर में बदल दिया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस हरकत में आ गई।

वायरल फुटेज में नजर आ रहा है कि एक युवक स्कॉर्पियो की सनरूफ से बाहर निकलकर खड़ा है, जबकि दूसरा युवक चलती गाड़ी की खिड़की से बाहर आकर सीधे छत पर पहुंच जाता है। इसके बाद युवक गाड़ी की छत पर घुटनों के बल बैठकर नाचने लगता है। पीछे से आ रही कार में सवार लोगों ने इस जानलेवा स्टंट को अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया।
जानकारी के अनुसार यह घटना सेक्टर-86 से द्वारका एक्सप्रेसवे की ओर जाने वाली सड़क की बताई जा रही है। स्टंट के दौरान सड़क पर चल रहे अन्य वाहन चालकों की जान भी जोखिम में पड़ गई।
सोशल मीडिया पर उठी कार्रवाई की मांग
वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा करते हुए एक यूजर ने गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस और जिला उपायुक्त को टैग कर सख्त कार्रवाई की मांग की। पोस्ट में लिखा गया कि इस तरह की लापरवाही किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
एफआईआर दर्ज, आरोपी तलाश में
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए खेड़कीदौला थाने में केस दर्ज कर लिया गया है। वाहन नंबर के आधार पर स्टंट करने वाले युवकों की पहचान की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने चेतावनी दी है कि सार्वजनिक सड़कों पर स्टंट और नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !