राज प्रताप सिंह, लखनऊ ब्यूरो। कांग्रेस ने आवारा पशुओं से किसानों को हो रही समस्याओं को लेकर बुधवार को प्रदेश सरकार पर जोरदार हमला बोला है। पार्टी महासचिव व यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी ने कहा है कि किसानों की फसल बर्बादी की जिम्मेदारी सरकार को लेनी ही पड़ेगी।
प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया है कि पूरे उत्तर प्रदेश में किसान आवारा पशुओं की समस्या से परेशान हैं। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में व्यवधान न हो इसलिए इंजीनियर रस्सी लेकर खड़े हैं। अरे एक रस्सी लाकर अपनी जिम्मेदारी को भी उससे बांध लीजिए। आखिर किसानों की फसल बर्बादी की जिम्मेदारी तो सरकार को लेनी ही पड़ेगी।
उधर, प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा है कि प्रदेश के सभी जिलों में आवारा गौवंश किसानों की फसल को नुकसान पहुंचा रहे हैं। किसान छुट्टा पशुओं से त्राहि-त्राहि कर रहे हैं। प्रदेश सरकार गोवंश संरक्षण के नाम पर खानापूर्ति कर किसानों की फसलें बर्बाद कर देने पर तुली है। स्थिति यहां तक आ गई है कि आवारा पशु कई जिलों में किसानों की मौत का कारण बन चुके हैं।
गोण्डा में एक किसान को छुट्टा सांड़ ने पटक-पटक कर मार डाला और इस तरह की घटनाएं आए दिन समाचार पत्रों की सुर्खियां बन रही हैं।
उन्होंने कहा है कि परेशान किसान सरकारी स्कूलों और कार्यालयों में छुट्टा जानवरों को कैद कर धरना-प्रदर्शन करने पर मजबूर हैं क्योंकि सरकार छुट्टा जानवरों से अपनी फसलों को बचाने के लिए तार के बाड़े लगाने की अनुमति नहीं दे रही है। किसान खुद को बहुत ही निराश और हताश महसूस कर रहा है।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !
