Breaking News

अभी-अभी :: पूर्व वित्त मंत्री अरूण जेटली का निधन, अंतिम संस्कार कल

डेस्क :: पूर्व वित्त मंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता अरुण जेटली का शनिवार को दिल्ली के एम्स में निधन हो गया है। वह लंबे समय से बीमारी से जूझ रहे थे। उन्होंने 12.07 बजे अंतिम सांस ली। वह 66 साल के थे। 9 अगस्त को सांस लेने में तकलीफ के बाद अरुण जेटली को एम्स में भर्ती कराया गया था। अनुभवी डॉक्टरों की टीम की देखरेख में उनका इलाज किया जा रहा था। शनिवार सुबह ही केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन उन्हें देखने पहुंचे थे। उनका अंतिम संस्कार रविवार को 2 बजे दिल्ली के निगम बोध घाट पर किया जाएगा।

गौरतलब है कि मई 2018 में जेटली का अमेरिका में किडनी प्रत्यारोपण हुआ था। इसके बाद जेटली इलाज के लिए अमेरिका भी गए थे। लोकसभा चुनाव में भाग न लेने और मंत्रालय का प्रभार छोड़ने के पीछे तबीयत ही वजह रही।

हाालांकि, अरुण जेटली तबीयत खराब के बीच भी ट्विटर पर काफी सक्रिय थे। अरुण जेटली ने खुद ट्विटर पर एक चिट्ठी लिखकर मंत्रिमंडल में शामिल ना होने की जानकारी दी थी। समय-समय पर विभिन्न मुद्दों पर वह अपने ब्लॉग के जरिए अपनी बातें रखा करते थे और विपक्ष पर निशाना साधते थे।

अरुण जेटली के देहावसान से मुझे गहरा दुख हुआ है: राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा कि अरुण जेटली के देहावसान से मुझे गहरा दुख हुआ है। उन्होंने दृढ़ता और गरिमा से अपनी बीमारी का सामना किया। एक प्रखर वकील, अनुभवी सांसद और उत्कृष्ट मंत्री के रूप में उन्होंने राष्ट्र निर्माण में अमूल्य योगदान दिया।

अरुण जेटली जी को समाज के सभी वर्गों के लोगों ने सराहाः पीएम मोदी

पीएम मोदी ने दूसरे ट्वीट में कहा कि जीवन से भरपूर, बुद्धि से भरपूर, हास्य और करिश्मा की एक महान भावना अरुण जेटली जी को समाज के सभी वर्गों के लोगों ने सराहा। भारत के संविधान, इतिहास, सार्वजनिक नीति, शासन और प्रशासन के बारे में त्रुटिहीन ज्ञान होने से वह बहुआयामी थे। पीएम मोदी ने कहा कि अरुण जेटली जी एक राजनीतिक दिग्गज थे, जो बौद्धिक और कानूनी रूप से जीवंत थे। वह एक मुखर नेता थे जिन्होंने भारत में स्थायी योगदान दिया। उनका निधन बहुत दुखद है। पत्नी संगीता जी के साथ-साथ बेटे रोहन से भी बात की और संवेदना व्यक्त की। शांति।

अरुण जेटली जी के निधन से अत्यंत दुःखी हूं: अमित शाह

अरुण जेटली जी के निधन से अत्यंत दुःखी हूँ, जेटली जी का जाना मेरे लिये एक व्यक्तिगत क्षति है। उनके रूप में मैंने न सिर्फ संगठन का एक वरिष्ठ नेता खोया है बल्कि परिवार का एक ऐसा अभिन्न सदस्य भी खोया है जिनका साथ और मार्गदर्शन मुझे वर्षो तक प्राप्त होता रहा।

देश ने स्पष्टवादी नेता खो दिया है : कमलनाथ

मध्यप्रेदश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। कमलनाथ ने अपने शोक संदेश में कहा कि वे उच्च कोटि के विधि विशेषज्ञ होने साथ ही एक उत्कृष्ट राजनेता थे और देशहित से जुड़े मुद्दों पर  विचारों की स्पष्ट अभिव्यक्ति के कारण पहचाने जाते थे। कमलनाथ ने कहा कि देश ने एक स्पष्टवादी और तार्किक दृष्टिकोण रखने वाला नेता खो दिया है।  उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों एवं नागरिकों को दुख सहने की शक्ति देने की ईश्वर से प्रार्थना की है।

नीतीश ने पूर्व केन्द्रीय वित्त मंत्री अरूण जेटली के निधन पर शोक जताया

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज पूर्व केन्द्रीय वित्त मंत्री अरूण जेटली के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। कुमार ने यहा अपने शोक संदेश में कहा है कि श्री अरूण जेटली विलक्षण प्रतिभा के धनी थे। उन्होंने भारत सरकार में कई महत्वपूर्ण मंत्रालयों की जिम्मेदारियों का कुशलतापूर्वक निवर्हन किया। उन्होंने कहा कि वह एक उत्कृष्ट न्यायविद भी थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि जेटली ने उच्च राजनीतिक मूल्यों एवं आदर्शों की बदौलत सार्वजनिक जीवन में उच्च शिखर को प्राप्त किया। साथ ही वह अपने व्यक्तित्व की बदौलत राजनीतिक सीमाओं के परे सभी विचारधारा के राजनीतिक दलों का आदर एवं सम्मान प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि अरूण जेटली से उनका व्यक्तिगत संबंध था और उनके निधन से वह काफी ममार्हत हैं। कुमार ने कहा कि जेटली का निधन देश के लिये एक अपूरणीय क्षति है, जिसे कभी भरा नहीं जा सकता, उनकी कमी हमेशा खलेगी। उन्होंने  दिवंगत आत्मा की शान्ति तथा उनके परिजनों को दुख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अरुण जेटली के निधन पर गहरा शोक प्रकट किया

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अरुण जेटली के निधन पर गहरा शोक प्रकट किया। उन्होंने कहा कि जेटली ने एक जनता के नेता, सांसद और मंत्री के रूप में लंबी पारी खेली। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।

Check Also

वाचस्पति मिश्र के न्याय दर्शन से मिथिला में बौद्ध दर्शन निष्प्रभावी – शंकर झा

प्रसिद्ध लेखक शंकर झा की कलम से : मिथिला के अद्वैत वेदान्त दर्शन पर बौद्ध दर्शन …

मिथिला विभूति मण्डन मिश्र आदि शंकराचार्य से पराजित नहीं – शंकर झा

प्रसिद्ध लेखक शंकर झा की कलम से : मण्डन मिश्र “पूर्व मीमांसा दर्शन के बड़े प्रसिद्ध …

विद्यापति जैसे महान् भाषाविद् और विद्वान द्वारा वरिष्ठ मैथिल रचनाकारों का पूर्ण सम्मान

डेस्क : विद्यापति संस्कृत विद्वान के परिवार में जन्म लिए थे तथा खुद भी संस्कृत …