अमृतसर के जंडियाला गुरु कस्बे में रंगदारी के दबाव के बीच सनसनीखेज वारदात सामने आई है। गोशाला रोड स्थित कशिश लेडीज सैलून पर बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में पार्लर संचालिका कशिश के पैर में गोली लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

घायल महिला के पति कुलदीप ने बताया कि बीते कई दिनों से उन्हें लगातार धमकी भरी कॉल्स आ रही थीं। कॉल करने वाले खुद को अपराधी बताकर पैसों की मांग कर रहे थे और न देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दे रहे थे। शुक्रवार देर रात दो युवक बाइक पर सवार होकर आए और सैलून के शटर की ओर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। हमलावरों ने चार से पांच राउंड गोलियां चलाईं, जिनमें से एक गोली कशिश के पैर में जा लगी।
वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से खाली कारतूस बरामद किए। घायल महिला को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने कुलदीप के बयान के आधार पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह मामला रंगदारी से जुड़ा प्रतीत होता है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !