सोनीपत-रोहतक मार्ग पर पाकस्मा मोड़ के पास शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। रोहतक की ओर से तेज गति से आ रही एक कार हरियाणा रोडवेज की बस से टकरा गई। इस दुर्घटना में कार चला रहे जींद निवासी 23 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि कार में सवार दो अन्य लोग घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोनीपत डिपो की रोडवेज बस रोहतक होते हुए हिसार जा रही थी। सुबह करीब पौने 11 बजे पाकस्मा मोड़ पर बस चालक ने यात्रियों को चढ़ाने के लिए वाहन रोका हुआ था। इसी दौरान रोहतक की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार नियंत्रण खो बैठी और सीधे बस से जा टकराई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार में आग लग गई। मौके पर मौजूद यात्रियों और राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पाया और कार चालक को बाहर निकालकर पीजीआई रोहतक के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान जींद जिले के गांव लिजवाना कलां निवासी हिमांशु के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर उसके परिचित अस्पताल पहुंचे। बताया गया कि हिमांशु फाइनेंस का काम करता था।
परिजनों ने बताया कि हिमांशु के पिता जयबीर ट्रक चालक हैं और हादसे के समय काम के सिलसिले में मुंबई गए हुए थे। उन्हें घटना की जानकारी दे दी गई है और वे फ्लाइट से रोहतक पहुंचेंगे।
हिमांशु अविवाहित था और अपने पिता का इकलौता बेटा था। परिवार में एक बड़ी बहन है। वह परिवार की जिम्मेदारियों में हाथ बंटाने के लिए फाइनेंस के क्षेत्र में काम कर रहा था। शनिवार को वह रोहतक से खरखौदा की ओर जा रहा था, तभी यह हादसा हो गया।
आईएमटी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर बिजेंद्र सिंह ने बताया कि रोडवेज बस और कार की टक्कर की सूचना मिली है। मामले की जांच की जा रही है और मृतक के परिजनों के बयान दर्ज करने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !