फरीदाबाद: देश के खेल जगत से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। फरीदाबाद की 17 वर्षीय नेशनल लेवल की नाबालिग शूटर ने अपने कोच पर यौन शोषण का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत के बाद महिला थाना, एनआईटी में केस दर्ज कर लिया गया है और पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।
![]()
प्रतियोगिता के बाद होटल बुलाकर किया शोषण
पीड़िता के अनुसार, 16 दिसंबर 2025 को दिल्ली के करणी सिंह शूटिंग रेंज में शूटिंग चैंपियनशिप आयोजित थी। प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए वह अपने कोच के साथ गई थी। चैंपियनशिप खत्म होने के बाद कोच ने उसके प्रदर्शन की समीक्षा के बहाने सूरजकुंड के एक होटल में बुलाया।
आरोप है कि वहां कोच ने जबरदस्ती उसे कमरे में ले जाकर यौन शोषण किया।
डर और धमकी के साये में रही पीड़िता
परिवार का कहना है कि कोच ने लड़की को धमकी दी थी कि यदि उसने किसी को बताया तो उसका शूटिंग करियर खत्म कर दिया जाएगा। इसी डर के कारण पीड़िता कई दिनों तक चुप रही और 6 जनवरी को हिम्मत जुटाकर परिजनों को पूरी घटना बताई।
महिला थाने में मामला दर्ज, जांच तेज
फरीदाबाद पुलिस के प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि पीड़िता की मां की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस होटल परिसर के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपी कोच सहित होटल स्टाफ से पूछताछ की जा रही है, ताकि साक्ष्य जुटाए जा सकें।
NRAI ने आरोपी कोच को किया निलंबित
मामले के सामने आने के बाद नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी कोच को सस्पेंड कर दिया है। एसोसिएशन ने कहा है कि जांच पूरी होने तक कोच पर प्रतिबंध रहेगा।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !