Breaking News
Home / Uncategorized / दिल्ली में टूटा दो साल का ठंड का रिकॉर्ड, शीतलहर का अलर्ट; 18 जनवरी तक सिहरती रहेगी राजधानी

दिल्ली में टूटा दो साल का ठंड का रिकॉर्ड, शीतलहर का अलर्ट; 18 जनवरी तक सिहरती रहेगी राजधानी

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में ठंड ने इस बार सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। सोमवार को न्यूनतम तापमान गिरकर 3.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो सामान्य से 4.2 डिग्री कम रहा। इसके साथ ही इस मौसम की पहली आधिकारिक शीतलहर भी दर्ज की गई। बीते दो वर्षों में यह सबसे कम न्यूनतम तापमान है।

पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवाओं ने दिल्ली-एनसीआर में ठंड का असर और बढ़ा दिया है। मौसम विभाग के मुताबिक, 2024 में 15 जनवरी को न्यूनतम तापमान 3.3 डिग्री और 2025 में 9 जनवरी को 4.8 डिग्री दर्ज किया गया था, जबकि इस बार पारा और नीचे चला गया।

सुबह कोहरा, दिन में राहत, शाम को फिर बढ़ी गलन

सोमवार की सुबह घने कोहरे और धुंध के साथ शुरू हुई, जिससे कई इलाकों में दृश्यता कम रही। सुबह-सुबह तापमान तीन डिग्री से नीचे चला गया, जिससे लोगों को तेज सर्दी का सामना करना पड़ा। दोपहर में धूप निकलने से कुछ राहत जरूर मिली, लेकिन शाम होते ही ठंडी हवाओं ने फिर से कंपकंपी बढ़ा दी।

इस दौरान अधिकतम तापमान 18.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.1 डिग्री कम रहा। वहीं, राजधानी में अधिकतम आर्द्रता 100 प्रतिशत और न्यूनतम आर्द्रता 53 प्रतिशत रिकॉर्ड की गई।

कई इलाकों में शीतलहर और कोहरे का असर

मौसम विभाग के अनुसार रिज, आया नगर, लोधी रोड और पालम जैसे इलाकों में ठंड का असर ज्यादा देखा गया। पालम में सुबह दृश्यता 200 मीटर तक सिमट गई, जबकि सफदरजंग क्षेत्र में यह करीब 800 मीटर रही। कई जगहों पर शीतलहर की स्थिति बनी रही।

आज ऑरेंज, कल यलो अलर्ट

मौसम विभाग ने 13 जनवरी के लिए शीतलहर का ऑरेंज अलर्ट और 14 जनवरी के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। अनुमान है कि दिन का तापमान 19 से 21 डिग्री और रात का तापमान 3 से 5 डिग्री के बीच रहेगा। सुबह हल्का से मध्यम कोहरा छाए रहने की संभावना है।

18 जनवरी तक जारी रहेगा ठंड का असर

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 15 से 18 जनवरी तक ठंड बनी रहेगी। इस दौरान दिन में मौसम अपेक्षाकृत साफ रहेगा, लेकिन सुबह और रात के समय ठंड और कोहरा परेशान कर सकता है। तापमान में धीरे-धीरे हल्की बढ़ोतरी हो सकती है, मगर राहत पूरी तरह नहीं मिलेगी।

ठंड में बरतें ये सावधानियां

लंबे समय तक ठंड में रहने से बचें

एक मोटे कपड़े की बजाय कई गर्म कपड़े पहनें

सिर, गर्दन, हाथ और पैरों को ढककर रखें

सुबह और देर रात वाहन चलाते समय कोहरे में सतर्क रहें

Check Also

चालक को आई झपकी, गंगा एक्सप्रेसवे पर पलटी डबल डेकर बस; 20 यात्री घायल

गंगा एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा: डबल डेकर बस पलटी, 20 यात्री घायल, 5 की हालत …

‘राहुल गांधी न्याय योद्धा हैं’, अलका लांबा का बयान; NEET पेपर लीक पर शिक्षा मंत्री को घेरा

राहुल गांधी से मिलने पहुंचे देशभर के कार्यकर्ता, अलका लांबा ने बताया “न्याय योद्धा”; NEET …

स्लोवाकिया के राष्ट्रपति को मिला भारत की विरासत का खास उपहार

नई दिल्ली। भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक हस्तशिल्प और स्थानीय कारीगरों की अद्वितीय कला …