Breaking News

बिहार के सभी नगर निकायों में जल्द बहाल होंगे 174 सिटी मैनेजर

डेस्क : नगर निकायों में सिटी मैनेजरों की कमी जल्द दूर होगी। सिटी मैनेजरों के 174 पदों पर बहाली की जाएगी। इसके अलावा विभाग में खाली पड़े अवर अभियंता सहित अन्य संवर्ग के पदों को 26 जनवरी तक भरा जाएगा। यह बातें नगर विकास एवं आवास मंत्री सुरेश कुमार शर्मा ने सोमवार को विभागीय मासिक समीक्षा बैठक में कही। उन्होंने चार साल में राज्य में एक भी वेंडिंग जोन चालू न होने पर कड़ी नाराजगी जताई।

राज्य के सभी नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारियों संग हुई बैठक में नगर विकास मंत्री ने कहा कि पद खाली होने के चलते निकायों और विभाग में कुछ काम प्रभावित हो रहे हैं। इस कमी को जल्द पूरा कर लिया जाएगा, ताकि काम को और गति दी जा सके। गौरतलब है कि अभियंताओं की विभिन्न कोटि के करीब 800 पद रिक्त हैं। उन्होंने कार्यपालक पदाधिकारियों को विवादों से बचने की सलाह दी। कहा कि कोई गलत काम मत करिए और बेवजह किसी विवाद में भी मत फंसिए।

राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने वेंडिंग जोन का ब्योरा मांगा। कहा गया कि 17 निकायों को तो वेंडिंग जोन निर्माण के लिए धनराशि भी दी गई थी। मगर अब तक सिर्फ इनके निर्माण की जानकारी दी जाती है। कोई भी जोन अभी चालू क्यों नहीं हुआ।

वहीं उन्होंने यह भी पूछा कि कितने लोगों को प्रशिक्षित कर रोजगार दिया गया। इसका ब्योरा जल्द उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बैठक में नगर विकास सचिव आनंद किशोर ने काम में पारदर्शिता लाने के निर्देश दिए। कहा कि जल्द विभाग के साथ ही सभी निकायों को पूरी तरह कंप्यूटरीकृत किया जाएगा।

Check Also

अंग्रेजी के माध्यम से महिला- सशक्तीकरण पर वेबिनार

पटना। देश में सामाजिक असमानता दूर करने के मकसद से दूर-दराज के इलाकों में रहने …

बिहार बोर्ड मैट्रिक परीक्षा परिणाम जारी, यहां से चेक करें अपना रिजल्ट

बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की ओर से रविवार को मैट्रिक का रिजल्ट जारी कर दिया …

पटना जंक्शन पर शराब पार्टी, रेलवे के 7 इंजीनियर समेत 10 गिरफ्तार

डेस्क। पटना जंक्शन पर शराब पार्टी करते हुए रेलवे के 7 इंजीनियर समेत 10 लोगों …