झंझारपुर मधुबनी/डॉ संजीव शमा :
नये साल के स्वागत में बुधवार की अहले सुबह से ही अनुमंडल के विभिन्न पिकनिक स्थलों में से अदलपुर ड्योढ़ी खंडहर से लेकर कमला नदी तट सहित अन्य पिकनिक स्पॉटों पर पिकनिक मनाते हुए खासकर युवाओं ने नववर्ष 2020 का इश्तकबाल किया। इस दौरान आसपास के गांवों से आये युवकों की टोली ने वनभोज के तर्ज पर आपसी एकजूटता दिखाते हुए जहां पिकनिक मनाया वहीं नववर्ष का इस्तकबाल किया। युवा मंडल के सदस्य डीजे की धुन पर थिरकते नजर आए। बच्चों व युवाओं में पिकनिक को लेकर गजब का उत्साह देखा गया।

नववर्ष के स्वागत में पिकनिक स्थल पर सेल्फी का आनंद लेते बच्चे
राम चौक, एलआइसी चौक, थाना चौक, स्टेशन बाजार स्थित मांस, मछली एवं मुर्गे की दुकानों पर अहले सुबह से ही खरीदारों की भीड़ बढ़ने के कारण उसके मूल्यों में भी इजाफा रहा। जबकि मुख्यालय के अधिकांश होटलो में भी नववर्ष का स्वागत करने वालों की संख्या भी काफी थी।

अदलपुर ड्योढ़ी के खंडहर परिसर में पिकनिक का आनंद लेती युवती, बच्चे एवं महिलाएं
इसके अलावा दोपहर बाद युवक एवं युवतियों की टोलियों ने शहर के काली मंदिर, ललित कर्पूरी स्टेडियम के अलावा अनुमंडल के समीप बने विद्यापति टावर पार्क का परिभ्रमण किया तथा चौक चौराहों पर लगाये गये गोल गप्पा, बर्गर, पिज्जा का युवाओं ने जमकर आनंद लिया।

नये साल के जश्न में डूबे बच्चों संग परिवार के लोग
मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ :
बुधवार की अहले सुबह से ही अपने परिजनों के साथ शहर के काली मंदिर, पंचानाथ शिव मंदिर, शांतिनाथ महादेव मंदिर शिवपुरी, तारकेश्वर नाथ मंदिर रतुपार, चन्देश्वरनाथ महादेव हररी के अलावा पाठशाला दुर्गा मंदिर एवं जमुथरी गौरीशंकर मंदिर में जाकर अधिकांश लोग जो पहले इष्ट दर्शन करना नहीं भूलते हैं की संख्या भी खूब रही ।
लोग पूजा अर्चना के साथ ही वर्ष 2020 का स्वागत करते हुए मंगल कामना किया। इस दौरान अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों में अहले सुबह से ही महिला एवं पुरूष श्रद्धालुओं की काफी भीड़ रही। वहीं राज्य में देसी व विदेशी शराब पर लगाये गये प्रतिबंध के बावजूद पुलिस की डर से चोरी छिपे शराब की होम डिलेवरी कराये जाने की चर्चा भी फिंजा में रहा। इतना ही नहीं कमला नदी के किनारे पिकनिक मनाने वालों की अच्छी खासी भीड़ रही।
बताया जाता है कि पुलिस की डर से पियक्कड़ों ने जैसे तैसे शराब की व्यवस्था तो किया लेकिन एकांत में पीकर चलते बने । कुल मिलाकर महिला,पुरुष,युवा एवं बच्चों ने अपने-अपने ढंग से अलग अलग और निराले अंदाज में नये साल 2020 का स्वागत किया।
स्वर्णिम टाईम्स : Swarnim Times आपका अपना इंटरनेट अख़बार !